चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे तीन शातिर दबोचे

Crime
Spread the love

कमल खडका

सोने चांदी के जेवरात व नकदी बरामद

हरिद्वार, 30 जून। बंद घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर ज्वालापुर पुलिस ने नकदी व सोने चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद माल की कीमत 4 लाख 30 हजार रूपए है। ज्वालापुर कोतवाली में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि गणेशा विहार, दक्ष एन्कलेव, रवि विहार, शांतिपुरम कालोनियों में बंद घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था।

मामले के खुलासे में लगी पुलिस टीम ने कालोनियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर  सोमवार की देर शाम राईस मिल तिराहे के पास चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों राहुल पुत्र प्रदीप निवासी नई बस्ती सीतापुर ज्वालापुर, शिवकुमार पुत्र बुद्धसिंह निवासी पीठबाजार ज्वालापुर व राहुल पुत्र विनोद निवासी पीठबाजार ज्वालापुर को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को थाने लाकर की गयी पूछताछ के बाद आरोपी अजय के घर से चोरी किए गए सोने चांदी के जेवरात व एक लाख साठ हजार रूपए की नकदी के साथ घटनाओं को अंजाम देने में प्रयुक्त मोटर साईकिल व आला नकब बरामद कर ली गयी।

इस दौरान सीओ सिटी पूर्णिमा गर्ग भी मौजूद रही। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसएसआई सुनील  रावत, एसआई लक्ष्मी प्रसाद, एसआई देवेंद्र सिंह चौहान, एसआई दीपक चौधरी, कांस्टेबल अमजद, हेमंत, मनमोहन, निर्मल, सतेंद्र आदि शामिल रहे।