तनवीर
हरिद्वार, 7 मई। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने चंपावत में नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने में देरी का आरोप लगाते हुए देवपुरा चौक पर प्रदर्शन कर सरकार का पुतला फूंका और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देकर सत्ता में आयी भाजपा सरकार में बेटियां सुरक्षित नहीं है। भाजपा के नेता ही महिलाओं और बेटियों का शोषण कर रहे हैं।
पूर्व विधायक रामयश सिंह और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा ने कहा कि उत्तराखंड में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध को प्रदेश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी और चुनाव में इसका जवाब देगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजबीर सिंह और महेश प्रताप राणा ने कहा कि महिला अपराध में संलिप्त भाजपा पदाधिकारियों को सत्ता का संरक्षण बेहद शर्मनाक और खेदजनक है। महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव और महिला कांग्रेस की महानगर अध्यक्ष लता जोशी ने कहा कि अंकिता भण्डारी हत्याकांड में आज तक वीआईपी की गिरफ्तारी न होना सरकार के मुंह पर तमाचा है और अब नाबालिग बच्ची के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है।
पार्षद हिमांशु गुप्ता और पार्षद सोहित सेठी ने कहा कि भाजपा सरकार में बेटियां असुरक्षित हैं। जिससे आमजन में भारी नाराजगी है और इसका खामियाजा भाजपा सरकार को भुगतना पड़ेगा। ब्लॉक अध्यक्ष मायापुर अजय गिरी और ब्लॉक अध्यक्ष आर्यनगर रचना शर्मा ने कहा कि यदि सरकार ने चंपावत के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी। यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया और ब्लॉक अध्यक्ष शिवालिक नगर मोहन सिंह राणा ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा को बढ़ते महिला अपराध और उसमें भाजपा नेताओं की संलिप्तता पर शर्म आनी चाहिए।
प्रदर्शन और पुतला दहन में मुख्य रूप से पार्षद प्रतिनिधि पुनीत कुमार, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजू द्विवेदी, प्रदेश महासचिव महिला कांग्रेस नलिनी दीक्षित, यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट विवेक जागरिया, पीसीसी सदस्य राहुल चौधरी, हिमांशु राजपूत, विजय प्रजापति, अरूण राघव, मार्कण्डेय सिंह, धनीराम शर्मा, शिवा राजपूत, सीपी सिंह, बीएस तेजियान, सतेंद्र वर्मा, अखिल त्यागी, मंजू गोस्वामी, ऋषभ वशिष्ठ, सरदार रमणीक सिंह, आशीष पंवार, जेएस तोमर, गोविंद पाण्डेय, भारत कुमार, नंदन कुमार, अरूण चौहान, जासिद अंसारी, ओम मलिक, करन सिंह राणा, हरीश सिंघल, जगदीप असवाल, शुभम जागरिया, अरविंद कुमार, सुभद्रा अग्रवाल, रितेश पांडेय, मोहित अरियाल, रमन शर्मा, आशु भारद्वाज, अभिषेक मिश्रा, अंकित चौधरी, ऋषभ वशिष्ठ, शुभम जोशी, आशीष प्रधान आदि कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।


