देवभूमि चार्टर्ड लेगेसी ने जीती देवभूमि प्रीमियर लीग

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 26 अप्रैल। प्रकाश क्रिकेट अकादमी में खेले गए देवभूमि प्रीमियर लीग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में देवभूमि चार्टर्ड ने लेगेसी लीजेंड्स को 2 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। अंतिम गेंद तक चले मुकाबले में दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। देवभूमि चार्टर्ड की टीम ने हरि रतूड़ी और साहेब आनंद की कुशल अगुवाई में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। टीम की बल्लेबाजी में गौरव लाल और पारितोष भटनागर ने शानदार पारियां खेलते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। जिससे टीम प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

गेंदबाजी में अंकुर नौटियाल, अंशुल जैन और अमन चौधरी ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। खासकर अंतिम ओवरों में गेंदबाजों ने संयम बनाए रखते हुए लेगेसी लीजेंड्स को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया और टीम को यादगार जीत दिलाई। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पारितोष भटनागर को ‘बैट्समैन ऑफ द मैच’ और पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के चलते ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। वहीं अंकुर नौटियाल को बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट और हरि रतूड़ी को फील्डर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया।

फाइनल मैच के समापन पर मेयर किरण जैसल ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं और खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं। विजेता टीम में हरि रतूड़ी, साहेब आनंद, गौरव लाल, अंशुल जैन, पारितोष भटनागर, अंकुर नौटियाल, अभिषेक ओली, रजत तलवार, सुमित शर्मा, गौरव अरोड़ा, अक्षत मेलना और अमन चौधरी ने अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply