2 अक्टूबर को यूपीआई भुगतान नहीं लेने और साउंड बॉक्स व स्कैनर पर काला कपड़ा डालने की अपील की
यूपीआई भुगतान पर शुल्क से बढ़ेगी व्यापारियों की लागत-सुरेंद्र भटेजा
हरिद्वार, 23 सितम्बर। हरिद्वार डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएन ने दो हजार रुपये से अधिक के यूपीआई भुगतान पर 4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) लगाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया और इसे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताते हुए वापस लेने की मांग की। ज्वालापुर कोतवाली के सामने प्रदर्शन के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र भटेजा ने कहा कि यूपीआई व्यापारिक लेनदेन का प्रमुख माध्यम बन चुका है। ऐसे में यूपीआई भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने से व्यापारियों और डिस्ट्रीब्यूटर्स की लागत बढ़ेगी।
उन्होंने इस व्यवस्था की समीक्षा कर व्यापारियों को राहत देने की मांग की। प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए यूपीआई को व्यापक रूप से अपनाया गया है। ऐसे में लेनदेन पर एमडीआर लगाए जाने से व्यापारी चिंतित है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर संगठन की ओर से आगे भी आवाज उठाई जाएगी। कोषाध्यक्ष सुनील अरोड़ा ने बताया कि एसोसिएशन की ओर से ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन से 2 अक्टूबर को यूपीआई भुगतान स्वीकार नही करने और यूपीआई के साउंड बॉक्स और क्यूआर स्कैनर पर काला कपड़ा डालकर विरोध दर्ज कराने की अपील की गई है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि विरोध प्रदर्शन व्यापारियों की मांग को संबंधित संस्थाओं तक पहुंचाने और एमडीआर व्यवस्था के प्रति अपना असंतोष दर्ज कराने के उद्देश्य से किया गया है। सरकार को व्यापारियों के हित में उचित कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में रुपेश गोयल, अभिषेक बाटला, अतुल गोयल, सुरेश साहनी, अभितेश गुप्ता, राकेश कंसल, शुभम अग्रवाल, इंद्रजीत सिंह, संजीव बब्बर, सचिन गोयल, संजय खुराना, राजीव अरोड़ा, प्रवीण गाबा, आलोक गुप्ता, विपिन शर्मा, गौरव शर्मा, अमित अग्रवाल, मनीष बत्रा, अमित अग्रवाल, दीपांकर चक्रपाणि, हरविंदर सिंह, घनश्याम विरमानी, अर्पण ग्रोवर, अजय अनेजा, विकल्प गोयल, नरेंद्र तनेजा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल रहे।




