जिला अधिकारी ने किया राजकीय धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण

Haridwar News
Spread the love

राहत अंसारी


हरिद्वार, 30 अक्तूबर। जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय ने शनिवार को राजकीय धान क्रय केन्द्र ज्वालापुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्रय केन्द्र में रखे धान के अलग-अलग बोरों से धान निकाल-निकालकर देखा तथा केन्द्र प्रभारी से धान में नमी के सम्बन्ध में जानकारी ली। धान तौलने वाले कांटे की भी जांच की। गोदाम के निरीक्षण के दौरान केन्द्र प्रभारी से धान के बोरों की उपलब्धता के सम्बन्ध में जानकारी ली।

जिला अधिकारी ने धान की नमी मापक यंत्र का भी निरीक्षण तथा कर्मचारियों से धान में नमी की मात्रा की जांच भी करायी। क्रय केन्द्र पर धान लेकर आए गैन्डीखाता के किसान स्वर्ण सिंह से जिलाधिकारी ने क्रय केंद्र पर आ रही समस्याओं के संबंध में जानकारी। जिस पर स्वर्ण सिंह ने बताया कि वे पहले से समय लेकर आए हैं। जिससे कोई परेशानी नहीं आ रही है।
धान क्रय केन्द्र प्रभारी ने जिलाधिकारी को जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 1623 कुन्तल धान की खरीद की जा चुकी है। धान खरीदने पर किसानों को भुगतान उसी दिन चेक के माध्यम से किया जा रहा है तथा किसानों को धान की खरीद पर, भुगतान के लिये, पर्याप्त धनराशि उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने धान क्रय केन्द्र के कार्यालय का भी निरीक्षण किया तथा वहां रखे गये स्टाॅक रजिस्टर आदि की भी जांच की।
पत्रकारों से वार्ता करते हुये जिलाधिकारी ने बताया कि धान क्रय केन्द्र पर व्यवस्थाएं सुचारू रूप से पायी गयी। उन्होंने कहा कि धान क्रय केन्द्र पर आने वाले किसानों को यदि कोई समस्या आती है, तो प्रत्येक धान क्रय केन्द्र पर एक नम्बर प्रदर्शित किया गया है, किसान उस नम्बर पर तत्काल सूचना दे सकते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक धान क्रय केन्द्र पर एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गयी है। नोडल अधिकारी को प्रत्येक दिन कम से कम एक बार धान क्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षण अवश्य करने तथा निरीक्षण के लिये कितने बजे आये, कितने बजे प्रस्थान किया तथा धान क्रय केन्द्र पर पायी गयी व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में अपनी टिप्पणी रखे गये रजिस्टर में अंकित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वीर सिंह बुदियाल सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *