राकेश वालिया
हरिद्वार, 9 मई। धर्मनगरी का संत समाज लाॅकडाउन में कठिनाईयों में घिरे गरीब, निराश्रित व जरूरतमंद परिवारों की मदद में निरंतर सहयोग कर रहा है। भारतमाता पुरम स्थित श्रीहनुमंत धाम आश्रम के परमाध्यक्ष महामण्डलेश्वर स्वामी नवल किशोरदास महाराज ने भूपतवाला क्षेत्र में भिक्षुओं व गरीब साधुओं को खाद्य सामग्री व भोजन वितरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आश्रम में संचालित अन्न क्षेत्र के माध्यम से भी प्रतिदिन भोजन वितरण कर जरूरतमंदों की मदद की जा रही है।
स्वामी नवल किशोरदास महाराज ने कहा कि सेवा ही परम धर्म है। सभी लोगों को लाॅकडाउन के चलते गरीब, निराश्रित लोगों की बढ़चढ़ कर मदद के लिए आगे आना चाहिए। क्योंकि मिलजुल कर ही गरीब, निराश्रित लोगों की सेवा की जा सकती है। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए किए गए लाॅकडाउन के बाद गरीब, निराश्रित, मजदूरी कर परिवार चलाने वाले गहरे संकट आ गए हैं। ऐसे सभी जरूरतमंदों की मदद के लिए आश्रम में निरंतर अन्न क्षेत्र का संचालन कर भोजन सेवा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि सेवा सनातन धर्म व भारतीय संस्कृति की विशेषता है।
भूखे को भोजन कराना सबसे अधिक पुण्य का कार्य है। संकट की इस घड़ी में प्रत्येक गरीब के सामने भोजन जुटाना सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। ऐसे में सभी को मदद के लिए आगे आना चाहिए। लाॅकडाउन के बाद हरिद्वार के संत समाज ने सेवा कार्यो की जो पहल की है। उससे गरीब मजदूर वर्ग को बेहद राहत मिली है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस का फिलहाल कोई उपचार उपलब्ध नहीं है। ऐसे में लाॅकडाउन का पालन करते हुए घरों में रहकर ही इस वायरस को पराजित किया जा सकता है। इसलिए सभी को सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए घरों में रहकर सहयोग करना चाहिए।
फोटो नं.4-गरीबों के लिए भोजन तैयार करते स्वामी नवल किशोरदास