पूर्व भाजपा नेता संजीव चौधरी हुए कांग्रेस में शामिल कांग्रेस दिग्गजों की मौजूदगी में ली कांग्रेस की सदस्यता

Haridwar News
Spread the love


राहत अंंसारी/अमरीश

हरिद्वार, 18 मार्च। प्रदेश व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व भाजपा नेता संजीव चैधरी कांग्रेस में शामिल हो गए। शुक्रवार को देहरादून में कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने संजीव चौधरी व उनके साथियों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने संजीव चैधरी व उनके साथियों को कांग्रेस में स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा व पीएम मोदी की नीतियों को समझ चुके लोग लगातार कांग्रेस के साथ आ रहे हैं। युवा नेता संजीव चौधरी के आने से हरिद्वार में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों की नीतियों से समाज का प्रत्येक वर्ग परेशान है।

महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। गलत तरीके से लागू की गयी जीएसटी के कारण व्यापारी परेशान हैं। भाजपा सत्ता के लिए लोगों को बांटने का काम कर रही है। लेकिन भाजपा की नीतियों को समझ चुके लोग अब पुनः कांग्रेस की ओर देख रहे हैं। संजीव चैधरी जैसे युवा व ऊर्जावान नेता के कांग्रेस में सम्मिलित होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि व्यापारी नेता व क्षेत्र में लोगों के बीच सक्रिय संजीव चैधरी के आने से हरिद्वार में कांग्रेस को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि अच्छे दिन लाने का वादा कर सत्ता में केंद्र की मोदी सरकार वादे पूरे करने में नाकाम रही है। मोदी सरकार के कार्यकाल में महंगाई लगातार बढ़ी है।

पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। मोदी सरकार के दो करोड़ रोजगार हर साल देने के वादे की कलई खुल चुकी है। स्थिति यह है कि अब तक करोड़ों लोग नौकरी गंवा चुके हैं। महंगाई के साथ बेरोजगारी बढ़ने के कारण लोगों की समस्याएं बढ़ गयी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की डबल इंजन सरकार भी पूरी तरह विफल साबित हुई है। विफलताओं के चलते ही भाजपा के प्रदेश में मुख्यमंत्री बदलना पड़ा।

संजीव चौधरी ने कहा कि आजादी के बाद देश कल कारखाने स्थापित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने में कांग्रेस पार्टी ने अहम भूमिका निभाई है। भाजपा सरकारों की विफलता के चलते देश का प्रत्येक वर्ग आंदोलन कर रहा है। बोलने वालों को देशद्रोही बताया जा रहा है। झूठे मुकद्मों में फंसाया जा रहा है। भाजपा सरकार के चार सालों में उत्तराखण्ड प्रत्येक मोर्चे पर पिछड़ गया है। बेरोजगार के मामले में उत्तराखण्ड देश में पहले पायदान पर है। केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के चलते व्यापारी तबाही के कगार पर है। झूठ बोलकर सत्ता में आयी भाजपा ने सरकार बनने के बाद जनता की कोई सुध नहीं ली। सत्ता के नशे में चूर भाजपा ने उत्तराखण्ड के दशकों पीछे धकेल दिया है। राज्य में पलायन तेज हुआ है। नौजवान रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में धक्के खा रहे हैं। उत्तराखण्ड की जनता अब जाग गई है और भाजपा से हिसाब करने को तैयार बैठी है। चैधरी ने कहा कि राज्य मे अगली सरकार कांग्रेस की बनने जा रही है। कांग्रेस सरकार बनने पर प्रदेश का चहुंमुखी विकास होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। संजीव चैधरी के साथ कांग्रेस ज्वाईन करने वालों में विपिन राणा, पुष्पेंद्र गुप्ता, दीपक काला, मिथलेश वर्मा, आकाश सैनी, संजीव कुमार, विजय धीमान, अरविन्द कुमार सहित दर्जनों लोग शामिल रहे।
गौेरतलब है कि संजीव चैधरी पूर्व में भाजपा से जुड़े रहे हैं। शिवालिकनगर नगर पालिका चुनाव के लिए जमकर तैयारी करने के बाद भी पार्टी की ओर से उम्मीदवार नहीं बनाए जाने पर उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा। इस दौरान पार्टी से उनके रिश्ते खराब हो गए थे। इसके बाद से ही उनके किसी अन्य दल में जाने के कयास लगाए जा रहे थे। शुक्रवार को चैधरी ने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। शिवालिकनगर नगर पालिका व रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में अच्छी पकड़ रखने व सक्रियता के चलते कांग्रेस को निश्चित रूप से फायदा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *