Haridwar police आत्महत्या के इरादे से हरकी पैड़ी पहुंचे युवक को पुलिस ने सकुशल बचाया

Crime Haridwar News
Spread the love

तनवीर
हरिद्वार, 16 जुलाई। आत्महत्या के इरादे से हरकी पैड़ी पहुंचे युवक को पुलिस ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले ही सकुशल बचा लिया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। देहरादून निवासी एक व्यक्ति ने हरिद्वार पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर बेटे के आत्महत्या के इरादे से हरकी पैड़ी पहुंचने की सूचना दी थी। बेटे को बचाने की गुहार लगाते हुए व्यक्ति ने बताया कि उसका बेटा गौरव हरकी पैड़ी पर मौजूद है और वीडियो कॉल कर आत्महत्या करने की बात कर रहा है। वीडियो में उसके पीछे काले सफेद रंग की टाइल्स और गंगा भी दिखाई दे रही है।

पुलिस कंट्रोल रूम में ड्युटी पर तैनात कर्मी ने लोकेशन की पहचान कर हरकी पैड़ी मुख्य प्रवेश द्वार पर तैनात अपर उपनिरीक्षक हरि प्रसाद एवं चौकी हरकी पैड़ी को सूचना नोट करायी तथा जल्द से जल्द युवक की तलाश करने के निर्देश दिए। इस पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक की तलाश शुरू की और उसे ढूंढ कर चौकी ले आए। सूचना मिलने पर परिजन भी चौकी पहुंच गए। पुलिस ने युवक को समझा बुझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटे के सकुशल मिलने पर वृद्ध पिता और परिजनों ने पुलिस को आभार व्यक्त किया।