हरिद्वार, । ज्वालापुर के मंडी का कुआं स्थित बाबा रोशन अली शाह की दरगाह पर सालाना उर्स धूमधाम से मनाया गया। हजारों अकीदतमंदों ने दरगाह में हाजिरी लगाकर मुल्क के अमनोचैन, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआएं कीं। उर्स के उपलक्ष्य में दरगाह कमेटी द्वारा दरगाह को भव्य रूप से सजाया गया और अकीदतमंदों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे।
उर्स का उद्घाटन पूर्व राज्य मंत्री डॉ. संजय पालीवाल और पूर्व राज्य मंत्री मकबूल कुरैशी ने किया। इस दौरान मेला इंचार्ज छम्मन पीरजी ने उनका स्वागत किया। डॉ. संजय पालीवाल ने कहा कि दरगाहों से एकता, भाईचारे और सौहार्द का संदेश समाज को मिलता है। एकता से ही देश को मजबूती मिलती है। कार्यक्रम में समाजसेवी शफी खान का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद शफी खान ने कहा कि दरगाहों से एकता का संदेश धर्म नगरी से पूरे देश में पहुंचता है। आपसी सौहार्द और भाईचारा ही हमारी पहचान है।दरगाह प्रांगण में लंगर वितरित किया गया। शाम को कव्वाली का आयोजन किया गया, जिसमें कव्वालों ने सूफियाना कलाम पेश कर समां बांध दिया।
उर्स के अवसर पर सजे विशेष बाजार में लोगों ने जमकर खरीददारी की। हलवा-परांठा जैसे व्यंजनों का आनंद लिया गया और बच्चों ने खेल-खिलौने खरीदे।सज्जादानशीन हाजी इरफान अंसारी व मेला इंचार्ज छम्मन पीर जी ने कहा कि दरगाहें एकता, अखंडता, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देती हैं। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी धर्मों के लोग दरगाह से फैज हासिल करते हैं। बाबा रोशन अली शाह ने समाज को इंसानियत का पैगाम दिया। उनके बताए मार्गों पर चलकर मानव कल्याण में योगदान करें।
कोषाध्यक्ष जावेद अंसारी व शहाबुद्दीन अंसारी ने कहा कि बाबा रोशन अली शाह की दरगाह पर आने वाले अकीदतमंदों की सभी मुरादें पूरी होती हैं। दिल से मांगी गई दुआ हमेशा कबूल होती है।उन्होंने मेला संपन्न कराने में मेला कमेटी के पदाधिकारियों व सदस्यों के सहयोग का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर जावेद अंसारी, फैज आलम, इदरीश, जावेद खान, राहत अंसारी, सुनहरा, सोहेल, अफजाल अंसारी, इलियास अंसारी, हाजी रियाज अंसारी, व्हाट्सएप नमन अंसारी ,हुसैन अली, अफज़ल अंसारी , राहत अंसारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


