तनवीर
हरिद्वार, 16 जून। न्यू हरिद्वार चन्द्राचार्य चौक व्यापार मंडल के व्यापारियों ने मुख्य नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर क्षेत्र में नालों के टूटे स्लैब ठीक कराने व पथ प्रकाश व्यवस्था को दुरूस्त करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष मृदुल कौशिक ने कहा कि विगत कई महीनों से चन्द्राचार्य चौक के आस पास नालो के स्लैब टूटे हुए हैं। जिस कारण पैदल चलने वाले नागरिको को असुविधा का सामना करना पड़ता है व दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
बरसात के समय क्षेत्र में जल भराव भी होता है। जलभराव होने पर टूटे स्लैब के कारण दुर्घटना होना निश्चित है। महामंत्री दीपक अग्रवाल ने कहा कि 8 माह पूर्व मुख्य नगर आयुक्त को समस्या से अवगत कराया गया था। लेकिन आज तक समाधान नहीं हुआ। उपाध्यक्ष अनूप सिद्धू ने कहा कि क्षेत्र में पथ प्रकाश व्यवस्था भी लचर है। शाम होते ही सड़कों पर अंधेरा छा जाता है।
अंधेरे में टूटे स्लैब दिखाई नहीं देने के कारण कई लोग चोटिल हो चुके हैं। कोषाध्यक्ष सुनील गुलाटी ने कहा कि शहर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र होने के बावजूद अधिकारी चंद्राचार्य चौक क्षेत्र की समस्याओं के प्रति उदासीन बने हुए हैं। अधिकारियों के रवैये को लेकर व्यापारियों में रोष है।
व्यापारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि टूटे स्लैब व पथ प्रकाश व्यवस्था आदि समस्याओं की वजह से कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी नगर निगम की होगी और व्यापारी आंदोलन करने पर बाध्य होंगे।
ज्ञापन देने वालो में दीपांकर चक्रपाणि, सनिल असीजा, मुनीश गर्ग, हैदर नकवी, निखिल अग्रवाल, योगेश वाधवा, राहुल अग्रवाल, सिद्धेश्वर चैहान, जलालुद्दीन, सुरेश सिंह, धर्मेंद्र मिगलानी, संजीव शर्मा, प्रेम थापा, संजीव शर्मा आदि व्यापारी शामिल रहे।