जागरूक नागरिक बनकर प्रकृति के संरक्षण में सहयोग करें-इरशाद अली

Haridwar News
Spread the love

गौरव रसिक


हरिद्वार, 17 जुलाई। भारतीय किसान यूनियन किसान उत्थान के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इरशाद अली के नेतृत्व में हरेला पर्व के उपलक्ष्य में पौधारोपण किया गया। इस दौरान किसान उत्थान के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इरशाद अली ने पौधा रोपण करते हुए कहा कि पौधरोपण प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। हमारी आने वाली पीढ़ी को शुद्ध वातावरण मिल सके। इसके लिए सबको पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान देना होगा।

जमालपुर रोड स्थित कृष्णा एंक्लेव में हरेला पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान आम, जामुन, अमरूद, जमोया, अशोक, लीची, आड़ू और नींबू के पौधे लगाए गए। इरशाद अली ने कहा कि हरेला पर्व उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व सुख समृद्धि की कामना के उददेश्य से मनाया जाता है। पौधरोपण एवं प्रकृति के संरक्षण से ही हम शुद्ध हवा जल एवं अन्य प्राकृतिक लाभ ले सकते हैं।

जागरूक नागरिक के तौर पर हमें पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देना होगा। पौधों के संरक्षण एवं प्रकृति की स्वच्छता के लिए प्रत्येक नागरिक को जिम्मेदारी निभानी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी पाल ने कहा कि मनुष्य के जीवन के लिए सबसे जरूरी चीज ऑक्सीजन है। पेड़ पौधे ही हमारे लिए ऑक्सीजन उत्पन्न करते हैं। ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाकर हम पर्यावरण को संतुलित रख सकते हैं। उन्होंने सभी से जीवन के विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।

युवा प्रदेश अध्यक्ष अग्रज मिश्रा एवं प्रदेश सचिव शाहनवाज शाह ने कहा कि वृक्ष ही जीवन का आधार हैं और इन्हीं से जीवन के लिए प्राण वायु प्राप्त होती है। वृक्ष प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। पौधारोपण करने वालों में जिला संयोजक राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी, विनोद कश्यप, शिवम चौधरी, डा. बिजेंद्र चैहान, सैफ अली, सहीद हसन, अंकित कश्यप, मुकेश कुमार आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *