तनवीर
ज्वालापुर, 24 अक्तूबर। क्षेत्र की जनता की सुविधाओं के मद्देनजर भाजपा पार्षद अनुज सिंह द्वारा बनवाया गया सुंदर प्रतीक्षालय अब भिखारियों का डेरा और असामाजिक तत्वों की करतूतों का शिकार हो गया है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों की डिमांड पर तैयार किया गया यह भव्य प्रतीक्षालय अब गंदगी और टूटी हुई कुर्सियों का अड्डा बन गया है।
प्रतीक्षालय के निर्माण का उद्देश्य बुजुर्गों, महिलाओं, स्कूली बच्चों और राहगीरों को बैठने और आराम करने की सुविधा प्रदान करना था। आसपास के स्कूलों के अभिभावक भी स्कूल की छुट्टी के समय प्रतीक्षालय का उपयोग करते थे। लेकिन अब असामाजिक तत्वों द्वारा कुर्सियां तोड़ दी गई हैं और गंदगी ने जगह को बदहाल कर दिया है। स्वच्छता के संदेशों को भी नजरअंदाज कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र के लोग परेशान हैं।
गरीब और असहाय लोगों की मदद के लिए बनाया गया नेकी का घर जहां से जरूरतमंद कपड़े, जूते और अन्य सामान ले सकते थे, अब बंद हो चुका है। विवादों और गंदगी के चलते नेकी के घर के बाहर गंदे कपड़ों के ढेर जमा हो गए हैं। यह स्थिति ज़रूरतमंदों के लिए बड़ी दिक्कत खड़ी कर रही है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने इन महत्वपूर्ण सुविधाओं की दुर्दशा पर गहरी नाराजगी जताई है।
उनका कहना है कि प्रशासन को असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए और इन सुविधाओं को फिर से उपयोगी बनाया जाना चाहिए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रतीक्षालय की मरम्मत और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ नेकी के घर को फिर से शुरू करने और उसकी देखरेख के लिए उचित व्यवस्था करने की अपील की है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को तत्काल कार्रवाई कर इन सुविधाओं को बेहतर स्थिति में लाना चाहिए।


