मां मनसा देवी ट्रस्ट के नाम से फर्जी ट्रस्ट बनाकर चंदा वसूली करने के मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने किया मुकद्मा दर्ज

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 20 अप्रैल। मां मनसा देवी के नाम पर फर्जी ट्रस्ट बनाकर अवैध रूप से चंदा वसूली करने के मामले में नगर कोतवाली में मुकद्मा दर्ज किया गया है। मां मनसा देवी ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा ने नौ लोगों को नामजद करते हुए मुकद्मा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना एसआई बिजेंद्र सिंह कुमांई को सौंपी गयी है।

विख्यात मां मनसा देवी मंदिर में देश भर से प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु पूजन व दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर की व्यवस्थाओं के लिए मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के नाम से एक ट्रस्ट का गठन भी किया गया है। श्रद्धालु अपनी-अपनी आस्था के अनुसार मां मनसा देवी ट्रस्ट को चंदा भी भिजवाते हैं। मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में सुरेश तिवारी, ठाकुर सिंह, वासु, सुदामा शुक्ला, अश्वनी शुक्ला, आकाश शर्मा, विनोद चौधरी, हितेश राज पुरोहित व हिमांशु शर्मा को नामजद करते हुए आरोप लगाया है कि मां मनसा देवी ट्रस्ट के नाम से फर्जी ट्रस्ट का बनाकर लोगों से अवैध रूप से चंदा वसूल किया जा रहा है।

नगर कोतवाली के एसएसआई मनोहर सिंह ने बताया कि इस मामले में मनसा देवी ट्रस्ट की ओर से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।