कांग्रेस पार्षदों के वार्डो में कार्य नहीं करने का आरोप लगाया
हरिद्वार, 21 जून। कांग्रेस पार्षदों के वार्डो में कार्य नहीं कराए जाने का आरोप लगाते हुए महानगर कांग्रेस कमेटी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली से आमजन में भारी रोष है। कांग्रेस पार्षदों के वार्डो में विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं। यदि कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में कार्य नहीं कराए गए तो कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन और तालाबंदी की जाएगी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और पूर्व पार्षद राजीव भार्गव ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भाजपा विधायक के इशारे पर काम कर रहे है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्षद हिमांशु गुप्ता और पार्षद विवेक भूषण विक्की ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आमजन के सरोकारों से कोई मतलब नहीं है। पार्षद सुनील कुमार सिंह और पार्षद प्रतिनिधि पुनीत कुमार ने कहा कि लोकनिर्माण विभाग के अधिकारी निष्पक्ष रवैया अपना कर कार्य करें अन्यथा कांग्रेसजन उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।
पार्षद प्रतिनिधि शहाबुद्दीन अंसारी और ऋषभ वशिष्ठ ने भी लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली के प्रति रोष व्यक्त किया। घेराव करने वालों में मुख्य रूप से पार्षद सोहित सेठी, सुमित त्यागी, सन्नी कुमार, पार्षद प्रतिनिधि अकरम अंसारी, पार्षद प्रतिनिधि लाली, अजय गिरी, यूथ कांग्रेस महासचिव शुभम जोशी, हिमांशु राजपूत, अंकित प्रजापति आदि कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।