विडियो:-यूकेएसएसएससी परीक्षा घोटाले के आरोपी हाकम सिंह की संपत्ति को प्रशासन ने किया कुर्क

Haridwar News
Spread the love

राजकुमार पाल/तनवीर


हरिद्वार, 20 मार्च। प्रदेश के बहुचर्चित यूकेएसएसएससी परीक्षा घोटाले के आरोपी हाकम सिंह की हरिद्वार में चिन्हित की गई संपत्ति को सोमवार को प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट में कुर्क कर लिया। उत्तराखंड एसटीएफ के एसएसपी आयुष अग्रवाल की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे ने हरिद्वार तहसीलदार को संपत्ति का रिसीवर नियुक्त किया है। तहसीलदार शालिनी मौर्य ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाही की।

यूकेएसएसएससी परीक्षा घोटाले की जांच में आरोपी हाकम सिंह द्वारा प्रदेश में करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने की बात सामने आयी थी। हाकम सिंह ने देहरादून, उत्तराकाशी व हरिद्वार जिलों में करोड़ों की संपत्तियां खरीदी थी। जांच के दौरान हरिद्वार में रानीपुर झाल पर हाकम सिंह का प्लाट व निर्माणाधीन भवन होने की जानकारी एसटीएफ को मिली थी

जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे ने बताया कि हाकम सिंह के खिलाफ यूकेएसएसएससी परीक्षा घोटाले मे मुकदमा पंजीकृत है। देहरादून जिलाधिकारी द्वारा गैंगस्टर एक्ट में उसकी प्रॉपर्टी जब्त करने के आदेश दिए गए थे। जिलाधिकारी देहरादून के पत्र पर जिला स्तर पर संपत्ति कुर्क करने की कार्यवाही करते हुए तहसीलदार हरिद्वार को रिसीवर नियुक्त किया गया है। तहसीलदार शालिनी मौर्य ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर प्राॅपर्टी को कुर्क कर लिया गया है।