तनवीर
हरिद्वार, 3 अप्रैल। हरिद्वार नगर निगम की भूमि पर अवैध कब्जे को हटाए जाने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता तरूणा चोपड़ा एवं राजकुमार अग्रवाल, बीना पंत, संगीता गुप्ता ने प्रैसवार्ता कर अवैध कब्जे को हटाए जाने की मांग की। तरूणा चोपड़ा ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा नगर निगम की भूमि को खुर्दर्बुद करने के प्रयासों के तहत अवैध निर्माण किया जा रहा है। भीमगोड़ा वार्ड नं.6 में पार्क की भूमि पर अवैध निर्माण संचालित है। क्षेत्र के लोगों को अवैध निर्माण से भारी परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अवैध कब्जा कर पार्किंग बना दी गयी है। जिसका पैसा भी अवैध कब्जाधारी ले रहे हैं।
जिसके चलते नगर निगम के राजस्व को हानि पहुंचायी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों और जिला अधिकारी को भी शिकायत की गयी है। लेकिन कब्जे करने वाले रसूखदार हैं। जिसके चलते कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। कब्जाधारी झूठे मुकद्मे में फंसाने की भी धमकी देते हैं। जिससे क्षेत्र के लोग खुलकर सामने नहीं आते हैं। उन्होंने कहा कि राजनैतिक रसूख दिखाकर यह कब्जा किया गया है। उन्होंने मांग की कि अवैध कब्जे को हटाया जाए। वरना जल्द ही धरना प्रदर्शन किया जाएगा।