जनता से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी कांग्रेस-सतपाल ब्रह्मचारी

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 3 अप्रैल। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, कार्यकारी अध्यक्ष अमन गर्ग, भेल श्रमिक नेता राजबीर सिंह चैहान, महेश प्रताप राणा, ओपी चैहान, मुरली मनोहर, महिला कांग्रेस नेत्री अंजू द्विवेदी, बीएस तेजियान, अंकित चौहान, कैलाश प्रधान आदि ने प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता की। पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि देश में लोकतंत्र को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। नौजवानों, बेरोजगारों, किसानों की बात नहीं सुनी जा रही है

जनता की आवाज उठाने पर सरकारी एजेंसियों का दुरूपयोग कर विपक्ष के नेताओं को मुकद्मों में फंसाया जा रहा है। राहुल गांधी की आवाज को दबाने के लिए आननफानन में उनकी सदस्यता समाप्त करने के साथ आवास खाली करने का फरमान जारी कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार कितना भी उत्पीड़न कर ले कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी। रानीपुर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे भेल श्रमिक नेता राजबीर सिंह चौहान ने कहा कि हरीश रावत सरकार में विभिन्न विभागों में 32 हजार पदों पर भर्ती की गयी। लेकिन भाजपा सरकार में वेकेंसी निकाली जाती है।

बेरोजगारों से फीस वसूली जाती है। परीक्षा भी होती है। पेपर लीक होते हैं। लेकिन भर्ती नहीं होती। राजबीर सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि शिवालिकनगर पालिका में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। पार्कों के सौंन्दर्यकरण के नाम पर सरकार की धन की बंदरबांट की जा रही है। नगर पालिका के गठन को पांच साल पूरे हो जाने रहे हैं। लेकिन केंद्र व प्रदेश में भाजपा सरकार होने के बावजूद आज तक पालिका को स्थायी कार्यालय नहीं मिल सका है।

नवोदय नगर में बरसात में नदी में हुए कटाव की वजह से खतरे की जद में आए घरों को बचाने के लिए बार बार मांग करने के बाद भी तटबंध का निर्माण नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नदी में अवैध खनन किया जा रहा है। जिससे बरसात के दिनों में एक बार फिर लोगों को समस्या का सामना करना पड़ेगा। महेश प्रताप राणा ने कहा कि पूरे नगर पालिका क्षेत्र में लोग बंदरों के आतंक से परेशान हैं। सुभाषनगर निवासियों के बार बार मांग करने के बावाजूद घरों के ऊपर से जा रही विद्युत लाईन को नहीं हटाया जा रहा है।

मुरली मनोहर व ओपी चौहान ने कहा कि महंगाई आसमान छू रही है। रसोई गैस के साथ बिजली व पानी तक महंगा कर दिया गया। जिससे पहले से ही महंगाई की मार से जूझ रहे गरीब व मध्यम वर्ग की समस्याएं और बढ़ गई हैं। प्रैसवार्ता के दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने नवनियुक्त ज्वालापुर ब्लाॅक अध्यक्ष अंकित चौहान व रानीपुर ब्लाॅक अध्यक्ष अमित नौटियाल को नियुक्ति पत्र भी सौंपे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *