तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर सफाई कर्मचारियों ने दिया धरना

Haridwar News
Spread the love

अमरीश


हरिद्वार, 1 जून। तीन महीने से वेतन नहीं मिलने से आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे नगर निगम द्वारा कूड़ा निस्तारण हेतु नियुक्त कासा ग्रीन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारियों ने काम बंद कंपनी के गैराज कार्यालय पर धरना दिया। धरना दे रहे कर्मचारियों ने कहा कि तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। जिससे उन्हें परिवार का खर्च चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मचारियों के काम बंद कर धरने पर बैठने की सूचना पर नगर निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के नेताओं ने कर्मचारियों को म्यूनिसिपल बोर्ड कर्मचारी यूनियन के मायापुर स्थित कार्यालय पर बुलाकर उनकी समस्या को सुना तथा कंपनी प्रबंधक से बातचीत की। मोर्चा नेताओं की मध्यस्थता में हुई वार्ता में तय किया गया कि कर्मचारियों को 2 माह का वेतन 4 जून तक तथा शेष एक माह का वेतन एक सप्ताह के भीतर भुगतान किया जाएगा।

वेतन भुगतान के संबंध में सहमति बनने के बाद कर्मचारी काम पर वापस लौटे। कर्मचारियों एवं कंपनी के मध्य वेतन विवाद को सुलझाने में मोर्चा के नेताओं मुरली मनोहर, सुरेंद्र तेश्वर, राजेंद्र श्रमिक, मुकुल जोशी, अशोक गुप्ता, प्रदीप त्यागी आदि की अहम भूमिका रही। मोर्चा नेताओं ने कंपनी प्रबंधन को यह भी चेतावनी दी कि यदि सहमति के अनुसार समय पर कर्मचारियों को वेतन भुगतान नहीं किया गया तो कंपनी के कर्मचारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। जिसकी समस्त जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन पक्ष की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *