हरिद्वार, 29 जून। लकसर कोतवाली पुलिस ने बंद मकान में सेंध लगाकर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गयी पानी की मोटर व लोह का सरिया बरामद किया गया है। आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं।
ढाढेकी ढाणा मुजाहिदपुर निवासी चंद्रशेखर ने पुलिस को तहरीर देकर घर का ताला तोड़कर पानी की मोटर व अन्य सामान चोरी कर लिए जाने के संबंध में मुकद्मा दर्ज कराया था। मुकद्मा दर्ज करने के बाद कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में जांच पड़ताल में जुटी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों सलीम पुत्र अशरफ निवासी वार्ड 8 राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने लक्सर व दीपक पुत्र शेर सिंह निवासी वार्ड 1 लक्सर को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी आपस में दोस्त हैं। नशे की लत को पूरा करने के लिए दिन में मकानों की रेकी करने के बाद रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। दोनों पूर्व में भी जेल जा चुके हैं। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसआई नितिन चौहान, एसआई विपिन कुमार, हेडकांस्टेबल शमशेर खां, कांस्टेबल अनिल वर्मा, होमगार्ड प्रदीप कुमार शामिल रहे।


