लूट की घटना के आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Crime
Spread the love


हरिद्वार, 16 अक्टूबर। पथरी थाना क्षेत्र के धनपुरा में ज्वालापुर निवासी युवक और उसके साथी के साथ हुई लूट की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जेवरात, एटीएम कार्ड और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गयी है। आरोपितों ने काम से धनपुरा गए दयानंद नगरी ज्वालापुर निवासी नीरज चौहान व उसके दोस्त कनखल निवासी नवदीप के साथ मारपीट कर सोने की 2 अंगूठी, चांदी की चेन, चांदी का कड़ा, चांदी का लाकेट तथा 2 मोबाइल फोन लूट लिए थे।

नीरज चौहान ने पुलिस को तहरीर देकर मुकद्मा दर्ज कराया था। मुकद्मा दर्ज करने के बाद घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर लकसर रोड़ स्थित रविदास मंदिर के पास से अरुण कुमार पुत्र प्रेमसिंह, रितिक पुत्र जगदीश निवासी ग्राम टांडा भागमल थाना लक्सर एवं विशाल पुत्र अमरीश निवासी शाहपुर थाना पथरी को दबोच कर उनके कब्जे से लूटे गए जेवरात, एटीएम कार्ड व मोबाइल फोन आदि सामान बरामद कर लिया।

पीड़ितों ने बदमाशों और लूटे गए सामान की शिनाख्त करने साथ पुलिस की त्वरित कार्यवाही एवं लूटे गये सामान की शत प्रतिशत बरामदगी होने पर आभार जताया। पुलिस टीम में पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, फेरूपुर चौकी प्रभारी एसआई मोहन कठैत, कांस्टेबल जयपाल चौहान, रविंद्र बिष्ट, कान्तिराम शर्मा, वीरेंद्र चौहान शामिल रहे।

Leave a Reply