तनवीर
हरिद्वार, 1 अगस्त। कांवड़ मेले को निर्विघ्न संपन्न कराने में पुलिस निर्णायक भूमिका निभा रही है। पुलिस कप्तान परमेंद्र डोबाल अपनी टीम के साथ रात दिन सड़कों, गंगा घाटो,ं विभिन्न चौराहों पर व्यवस्थाएं बनाने में लगे हुए हैं। कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा और यातायात के अलावा दुर्घटना विवाद, कांवड़ खंडित होना, घायलों का उपचार आदि व्यवस्थाओं में भी पुलिस टीम अपनी भूमिका निभा रही है। कांवड़ियों के भीड़ के दबाव को नियंत्रित करना वाहनों की भिड़ंत, वाहनों में आग लगने जैसी घटनाओं पर तुरंत संज्ञान लेना पुलिस की बेहतर कार्यशैली को दर्शा रहा है।
कावड़ मेले के दौरान आम नागरिकों को परेशानी ना हो इसका भी ध्यान इस बार रखा गया है। कावड़ के दौरान शहरी क्षेत्र के अंदरूनी मार्गों पर कांवड़ियों का प्रवेश नहीं हुआ। शहर के अंदरूनी मार्ग कांवड़ियों से खाली नजर आए। पुलिस की यह व्यवस्था लोगों को काफी पसंद आई है। संपूर्ण कावड़ यात्रा के दौरान लोगों को जाम से भी इस बार राहत मिली है। पुलिस की सूझबूझ के कारण इस बार विवाद भी उत्पन्न नहीं हुए हैं लोगों ने राहत की सांस ली।