अमरीश
हरिद्वार, 20 जून। रमाबाई अंबेडकर महासभा के कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह चैक पर मोमबत्ती जलाकर लद्दाख में चीनी सेना द्वारा धोखे से हमला कर शहीद किए गए भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान महासभा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने चीन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया तथा चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग का पुतला फूंका। संगठन की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर चीनी सामान के आयात पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने की मांग भी की गयी।
इस मौके पर संगठन के जिला अध्यक्ष उमेश बॉस ने कहा कि जिस तरह चीन ने हमारे सैनिकों पर बेहद कायराना तरीके से हमला किया है। उसकी जितनी निंदा की जाए वो कम है। सरकार चीन को उसी की भाषा में जवाब देना चाहिए। संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता विनोद आजाद ने कहा कि इस समय पूरा देश एकजुट है और चीन की इस घिनौनी हरकत का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है। संगठन की ओर से सरकार से मांग है कि वो ऐसा कानून बनाए जिससे चीन से आयात होने वाले सामान पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया जा सके।
इस अवसर पर अरुण कश्यप, अजीत आजाद, शिवम् शर्मा, विनय कुमार, जितेंद्र सिंघानिया, आनंद, उल्फत, आमिर, हरेंद्र, पंकज, अमन, अंकित, मोहित कर्णवाल, बलराम, बिजेंद्र, शारिक अली, प्रियांस कुमार, राकेश तोमर आदि पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।




