श्रीराम के गुणों से प्रभावित होकर सर्वसमाज ने की थी राम राज्य की कामना- राव आफाक अली

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 18 अक्तूबर। सुमन नगर टिहरी विस्थापित कलोनी में आयोजित की जा रही रामलीला का मुख्य अतिथी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उपस्थित दर्शकों को संबोधित करते हुए राव आफाक अली ने कहा कि श्रीराम के आदर, सेवा, त्याग, तपस्या, समानता, सद्भावना, जुर्म और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष आदि गुणों से प्रभावित होकर ही सर्व समाज ने रामराज्य की कामना की थी। लेकिन आज कुछ लोग श्रीराम के नाम का जयकारा लगाकर जुल्म और अत्याचार कर नफरत फैला रहे है।

ऐसे लोग राम भक्त कभी नहीं हो सकते। वे श्री राम के नहीं बल्कि राक्षसों के भक्त हैैं।
राव आफाक अली ने कहा कि मेरा धर्म इस्लाम है और मै श्रीराम का वंशज हूं। हमारे डीएनए मे राम हैं तो हमारे दीन में मुहम्मद है। दोनो ही सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि ना तेरा है ना मेरा है ये हिंदुस्तान सबका है, ना समझे ये बात तो नुकसान सबका है, हजारों रास्ते खोजे गए उस तक पहुंचने के, मगर पहुंचे हुए कहते हैं कि भगवान सबका है।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मस्तराम जोशी, उपाध्यक्ष बीरबल लाल एवं महेश, सचिव दीपक स्वरूप, सहसचिव विनय जोशी, मदन लाल, कोषाध्यक्ष विकास गोस्वामी, निर्देशक दिनेश लाल, मंच संचालक मनीष रावत ने राव आफाक अली का स्वागत किया। इस दौरान राव आफाक अली के साथ हसीन, समीर, तनवीर, साहिल, निजाम, आदिल, मुन्ना, तमरेज, आजम आदि भी मौजूद रहे।