सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया

Politics
Spread the love

Amrish

हरिद्वार, 3 अप्रैल। यूथ कांग्रेस के कार्यकारी जिला अध्यक्ष रवि बहादुर इंजीनियर ने पुल जटवाड़ा पर सफाई कर्मचारियों सफाई हवलदार सुनील राजौर, सेनेट्री इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह व श्रीकांत, सफाई कर्मचारी गौतम, काला, सूरज, पप्पू, काशी, मनोज, अंबरीश, संजय बिरला, रमेश, जोनी, महिला सफाईकर्मी सुनीता, अनीता आदि को फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया। सम्मानित करने के साथ कर्मचारियों को साबुन, सेनेटाइजर व मास्क भी दिए गए। इस दौरान रवि बहादुर ने कहा कि कोरोना संकट से निपटने में सफाई कर्मचारी भी उल्लेखनीय योगदान कर रहे हैं।

देश हित में योगदान दे रहे ऐसे सच्चे योद्धाओं को सम्मान देकर उनका उत्साह बढ़ाया जाना चाहिए। कोरोना वायरस के खतरे के बीच हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र के तमाम वार्डो में सफाई कर्मचारी सफाई व्यवस्था बनाने में निरंतर सेवाएं दे रहे हैं। कोरोना वायरस को समाप्त करने के लिए साफ सुथरा वातावरण बेहद जरूरी है। ऐसे में सफाई कर्मचारी नालियों की सफाई, सड़कों पर नियमित रूप से झाड़ू लगाने के अलावा दवाओं का छिड़काव भी कर रहे हैं। नगर निगम के अधिकारियों के निर्देशों पर भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में सोशल डिस्टेंसिंग बनाने में भी सफाई हवलदार जुटे हुए हैं। महिला कर्मचारी भी अपने सेवाएं देने में पीछे नहीं हैं।

रवि बहादुर ने कहा कि प्रशासन को सफाई कर्मचारियों को सफाई के लिए आवश्यक उपकरणों के साथ माॅस्क, ग्लब्स आदि उपलब्धता निरंतर करनी चाहिए। जिससे वे अपनी सुरक्षा बनाए रखते हुए शहर को स्वच्छ बनाने में अपना सहयोग करते रहें। सफाई कर्मचारी निरंतर सफाई अभियान में जुटे हुए हैं। अधिकारियों के निर्देशों पर पूरी तरह से सफाई कर्मचारी खरे उतर रहे हैं। ऐसे सफाई कर्मचारियों का सम्मान अवश्य किया जाना चाहिए। संकट की इस घड़ी में ऐसे योद्धाओं का सम्मान जरूरी है।

——————————