कलश यात्रा के साथ हुआ श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं श्रीमद्भावगत कथा का शुभारंभ

Haridwar News
Spread the love

संजय वर्मा
भारतीय संस्कृति में ज्येष्ठ मास है सबसे उत्तम-स्वामी विष्णुदेव विक्रम
हरिद्वार, 4 जून। सप्तसरोवर स्थित श्री त्रिदंडीदेव सेवा आश्रम श्री वेंकटेश मंदिर में महंत स्वामी विष्णुदेव विक्रम महाराज के सानिध्य में ब्रह्म महोत्सव वार्षिक उत्सव के अंतर्गत श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत सप्ताह का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में भारी संख्या श्रद्धालु भक्त शामिल हुए। अयोध्या से आए आचार्य बसंत कुमार शुक्ला श्रद्धालु भक्तों को श्रीमद् भागवत कथा श्रवण कराएंगे।

कथा एवं श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ की पूर्ण आहुति पर भगवान वेंकटेश को 56 प्रकार के व्यंजन अर्पित किए जाएंगे। अयोध्या, मथुरा, काशी, प्रयागराज आदि स्थानों से आए रामानुजाचार्य संप्रदाय के संतों एवं भक्तों ने आश्रम के मंदिर में विराजमान भगवान श्री वेंकटेश की महाआरती में सम्मिलित होकर आश्रम के संचालक एवं महंत विष्णु विक्रम महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर महंत विष्णु विक्रम महाराज ने कहा कि श्रीमन्नारायण भगवान को समर्पित ज्येष्ठ मास में गंगा स्नान, यज्ञ, तुलसी पूजन, गौ पूजन और ब्राह्मण सेवा का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में ज्येष्ठ मास सबसे उत्तम मास बताया गया है। जो भगवान श्री हरि को समर्पित है। इस मास में दान, पूजा, शीतल पेय पदार्थ, फल इत्यादि का वितरण करना अक्षय पुण्यदाई होता है। श्रीमद्भागवत कथा, श्री लक्ष्मी नारायण यज्ञ जैसे आयोजनों में सम्मिलित होना अक्षय पुण्य को प्राप्त करने का दुर्लभ अवसर होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *