सावन में शिव पूजन से दूर होते हैं सभी दुख-श्रीमहंत रविंद्रपुरी

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 27 जुलाई। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि भगवान शिव को सावन का महीना विशेष प्रिय है। सावन में शिव पूजन करने से सभी दुख दूर हो जाते हैं। सावन में की गई शिव पूजा तत्काल शुभ फल प्रदान करती है। सृष्टि की रक्षा के लिए समुद्र मंथन से निकला हलाहल विष अपने कंठ में धारण करने वाले भगवान शंकर की भक्तिपूर्वक पूजा करने से सभी मनोकामनाएं शीघ्र पूरी होती हैं।

निरंजनी अखाड़ा स्थित चरण पादुका मंदिर में आयोजित कांवड़ सेवा शिविर में शिवभक्तों को आशीर्वचन प्रदान करते हुए श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि महायोगी भगवान शिव के स्मरण मात्र से ही सब दुख दूर हो जाते हैं। शिव जीवन और मृत्यु, विनाश और पुनर्जन्म के देवता हैं। सनातन धर्म के सबसे प्रमुख देव भगवान शिव को अनेक नामों से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव असाधारण शक्तियों के स्वामी हैं। भगवान शिव को सावन मास और जलाभिषेक अत्यन्त प्रिय है।

सावन में भक्तों को प्रतिदिनि भगवान शिव का जलाभिषेक करना चाहिए। जलाभिषेक करते हुए माता पार्वती का ध्यान भी अवश्य करें। ऐसा करने से साधक शिव और शक्ति दोनों की कृपा का पात्र बनता है। इस अवसर पर संघ नेता पदम सिंह, डा.सुनील कुमार बत्रा, अनिल शर्मा, स्वामी राजगिरी, स्वामी रविपुरी वैभव शर्मा सहित कई भक्त मौजूद रहे।