राकेश वालिया
हरिद्वार, 29 नवम्बर। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि मंगल ग्रह के स्वामी और देवताओं के सेनापति भगवान कार्तिकेय की पूजा अर्चना करने से प्रत्येक कार्य में सफलता मिलती है और परिवारों में सुख समृद्धि का वास होता है। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि भगवान कार्तिकेय का निवास दक्षिण में है।
माता पार्वती, पिता शिव और भाई गणेश से नाराज होकर कार्तिकेय कैलाश पर्वत छोड़कर भगवान शिव के दूसरे ज्योर्तिलिंग मल्लिकार्जुन आ गए थे। माता पार्वती पूर्णिमा और भगवान शिव प्रतिपदा को कार्तिकेय से मिलने जाते हैं। उन्होंने बताया कि राजनीति, प्रशासनिक सेवा, पुलिस सेवा, सैन्य सेवा, तकनीकी सेवा, खेल सहित किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए भगवान कार्तिकेय की आराधना करनी चाहिए। प्रसन्न होने पर भगवान कार्तिकेय साधक की समस्त इच्छाएं पूर्ण करते हैं। सभी को पूर्ण विधि विधान से भगवान कार्तिकेय की पूजा अर्चना करनी चाहिए।
निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा कि निरंजनी अखाड़ा पूरी ऊर्जा के साथ सनातन धर्म संस्कृति के प्रचार प्रसार में अपना योगदान करते हुए समाज को जागरूक कर रहा है। अनेक सेवा व शैक्षिक प्रकल्पों का संचालन करते हुए समाज सेवा व युवा वर्ग को शिक्षा प्रदान करने में भी अखाड़ा अहम भूमिका निभा रहा है।