तनवीर
नवरात्र को नारी शक्ति उत्सव के रूप में मनाने के सरकार के फैसले का अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने किया स्वागत
हरिद्वार, 20 मार्च। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा नवरात्र को नारी शक्ति उत्सव के रूप में मनाने के लिए जिलों में देवी उपासना के कार्यक्रमों का आयोजन करने का फैसला लिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के फैसले की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि धामी सरकार ने नवरात्र को नारी शक्ति उत्सव के रूप में मनाने का बड़ा फैसला लेते हुए सभी को खुश करने का काम किया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 22 से 30 मार्च तक नवरात्र को नारी शक्ति उत्सव के रूप में मनाते हुए प्रत्येक जिले में देवी उपासना के कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सभी जिलाधिकारियों को एक-एक लाख रुपये दिए गए हैं। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश में ऐतिहासिक फैसले लेते हुए नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
जिसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के संस्कारों में देवी स्तुति का महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि टनकपुर से खाटू श्याम (राजस्थान) के लिए बस सेवा शुरू करने का फैसला कर भी सीएम ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। इससे श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिली है। इससे मुख्यमंत्री के कार्यों में एक और उपलब्धी जुड़ गई है।