स्मैक समेत नशा तस्कर गिरफ्तार
हरिद्वार, 14 सितम्बर। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। ऑप्ररेशन प्रहार के दबोचे गए आरोपी के कब्ज से 12.08 ग्राम स्मैक, 1200 रूपए की नकदी व स्कूटी बरामद की गयी है। पूछताछ में आरोपी ने एक महिला से स्मैक लाने की जानकारी पुलिस को दी है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
एसएसपी के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुमनगर चौकी प्रभारी एसआई पुनीत दनौसी ने पुलिस टीम के साथ सुमननगर तिराहे पर चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार मुन्तहिर पुत्र शहीद निवासी ग्राम गढ़ की तलाशी ली तो उसके कब्जे से स्मैक बरामद हुई। स्मैक बरामद होने पर पुलिस ने आरोपी मुन्तहिर को गिरफ्तार करने के साथ स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया। पूछताछ में उसने बताया कि बरामद स्मैक वह रहमतपुर निवासी महिला से लेकर आया था। पुलिस ने पूछताछ के दौरान प्रकाश में आयी महिला की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस टीम में एसआई पूजा पाण्डेय, कांस्टेबल महेन्द्र तोमर व हरीश राणा शामिल रहे।


