सपा नेताओं ने सैफई पहुंचकर दी स्व.मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 23 अक्टूबर। सपा लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, आस्तिक यादव, महंत शुभम गिरी एवं चमन यादव आदि ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई जाकर उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके समाधि स्थल पर बद्रीका तुलसी का पौधा रोपा।

साथ ही स्व.मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को बद्रीका तुलसी के पौधे भेंटकर स्व.मुलायम सिंह यादव के आवास पर भी पौधे लगाने का अनुरोध किया। इस दौरान चंद्रशेखर यादव ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव भारतीय राजनीति के युगपुरूष थे। उन्होंने अत्यन्त विषम परिस्थितियों में सपा का गठन कर समाज के शोषित वंचित तबके की आकांक्षाओं को आवाज दी, उनके हितों के लिए संघर्ष किया।

महंत शुभम गिरी ने कहा कि स्व.मुलायम सिंह यादव ने हमेशा किसान, मजदूर, गरीब, शोषित वर्ग के लिए आवाज उठायी। यूपी के मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए उन्होंने हिन्दी, संस्कृत व उर्दू भाषा के विकास के लिए समान रूप से काम किया। केंद्रीय रक्षा मंत्री रहते हुए देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में भी उनका अहम योगदान रहा। देश सेवा में उनके योगदान से प्रेरणा लेनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *