तनवीर
हरिद्वार, 3 मई। समाजवादी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष महंत शुभम गिरी ने ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के बुग्गावाला पहुंचकर नदी में खेलने के दौरान मगरमच्छ का शिकार हुए बालक के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी और ढाढस बंधाया। महंत शुभम गिरी ने कहा कि एक 12 वर्षीय छात्र का मगरमच्छ का शिकार होना बेहद दुखद है। सरकार और प्रशासन को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।
महंत शुभम गिरी ने कहा कि उन्हें अवैध खनन के चलते नदी में गहरे गढ्ढे होने और कई जगह गढ्ढों में मगरमच्छ होने की जानकारी मिली है। सरकार और प्रशासन को अवैध खनन पर सख्ती से रोक लगानी चाहिए। साथ ही वन विभाग को मगरमच्छ को रेस्क्यू कर आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ना चाहिए। जिससे भविष्य में ऐसी दुखद घटना ना हो। महंत शुभम गिरी ने बच्चे के पिता को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया। इस दौरान समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष महिपाल सिंह, वरिष्ठ नेता हरगोविंद जोशी, खेम सिंह, राजपाल, रविंद्र, सोनम, रवि आदि भी मौजूद रहे।


