सपा कार्यकर्ताओं ने दी पूर्व राष्ट्रीय महासचिव स्वर्गीय विनोद बड़थ्वाल को श्रद्धांजलि

Politics
Spread the love

राहत अंसारी


हरिद्वार, 23 जनवरी। समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य, राष्ट्रीय महासचिव स्वर्गीय विनोद बड़थ्वाल की जयंती पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। ललतारौ पुल स्थित सपा महानगर कार्यालय पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव डा.राजेंद्र पाराशर ने स्व.विनोद बड़थ्वाल के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डीएवी कालेज से राजनीतिक जीवन की शुरूआत करने वाले विनोद बड़थ्वाल उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा के सानिध्य में सक्रिय राजनीति में आए तथा 1998 में जनता दल से सफर शुरू करते हुए मुलायम सिंह यादव के करीबी नेताओं में शुमार हो गए।

मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए उत्तराखंड बनाने के लिए रमाशंकर कौशिक व विनोद बड़थ्वाल की कमेटी बनाई। उत्तराखंड को बनाने में विनोद बड़थ्वाल की मुख्य भूमिका रही। आज के दौर की राजनीति में विनोद बड़थ्वाल जैसे विरले ही नेता मिलते हैं। जिन्होंने कभी राजनीतिक जीवन में सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। महानगर अध्यक्ष पंडित सुमित तिवारी ने कहा कि विनोद बड़थ्वाल ने हमेशा गरीबों, मजदूरों, छात्रों एवं युवाओं की राजनीति की और उन्हें मजबूत बनाने के लिए लगातार संघर्ष किया। इसीलिए संघर्ष का दूसरा नाम विनोद बड़थ्वाल है।

उत्तराखंड में विनोद बड़थ्वाल को सभी राजनीतिक दल सम्मान की दृष्टि से देखते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने विनोद बड़थ्वाल को यूपी – उत्तराखंड परिसंपत्ति आयोग का अध्यक्ष बनाकर कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया। जिसमें उन्होंने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर परिसंपत्तियों के बीच चले आ रहे विवाद को भी सुलझाया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी की ओर से नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी को भी श्रद्धांजलि व पुष्पांजलि अर्पित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *