तनवीर
समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे सपा कार्यकर्ता-आशीष यादव
हरिद्वार, 18 अप्रैल। समाजवादी नेता पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर सिंह की जयंती पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया और श्रद्धांजलि दी। समाजवादी पार्टी के ज्वालापुर पुल जटवाड़ा स्थित कार्यालय पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष महंत शुभम गिरी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर समाजवादी विचारधारा के प्रखर चिंतक और ओजस्वी वक्ता थे। वर्तमान परिस्थितियों में उनके विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
सपा लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव एवं सपा युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने अपने कार्यकाल में दलितों, पिछड़ों, किसानों के लिए हितों के लिए अनेक कदम उठाए। आशीष यादव ने कहा कि प्रखर समाजवादी पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के दिखाए मार्ग पर चलते हुए सपा कार्यकर्ता समाज के वंचित तबके के लिए संघर्ष करते हुए समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं।
देश के विकास में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। सपा जिलाध्यक्ष साजिद अंसारी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने आजीवन समाज के दबे कुचले वर्ग के लिए संघर्ष किया। जाफर प्रधान, रईस अंसारी, आस्तिक यादव, कयूम अंसारी ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए।


