तनवीर
बबीता शर्मा बनी सुभाष घाट व्यापार मंडल की अध्यक्ष
महिला शक्ति को आगे बढ़ा रहा प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल-प्रवीण शर्मा
हरिद्वार, 22 जनवरी। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल की सुभाष घाट व्यापार मंडल इकाई का गठन किया गया। हरकी पैड़ी स्थित नमामि रेस्टोरेंट में आयोजित बैठक के दौरान शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने सुभाष घाट इकाई की घोषणा करते हुए बताया कि बबीता शर्मा को नवगठित सुभाष घाट व्यापार मंडल की अध्यक्ष, पंडित नवीन शर्मा महामंत्री, नितिन शर्मा कोषाध्यक्ष व विशाल भट्ट को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। सरदार हर्षवर्धन सिंह, पं.मधुसूदन प्रधान, पं. निशांत विधाकुल, पं.आदेश मारवाड़ी को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गयी है।
प्रवीण शर्मा ने कहा कि प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल मातृशक्ति को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। इसी क्रम में बबीता शर्मा को सुभाष घाट व्यापार मंडल की अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। तहसील अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एकजुट होकर व्यापारी हितों के लिए काम करें। व्यापार को आगे बढ़ाने के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को गंगा स्वच्छता के लिए प्रेरित भी करें। सुभाष घाट व्यापार मंडल की नवनियुक्त अध्यक्ष बबीता शर्मा एवं महामंत्री पंडित नवीन शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए सभी को साथ लेकर व्यापारी हितों के लिए संघर्ष करेंगे।
प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार कश्यप ने भी नवनियुक्त कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए व्यापारी हितों के लिए लगातार संघर्ष करने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रदेश सचिव मयंक मूर्ति भट्ट, तहसील महामंत्री आदेश मारवाड़ी, शहर कोषाध्यक्ष अनुज गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष अजय अरोड़ा, जाहनवी मार्केट व्यापार मंडल अध्यक्ष निशा गुप्ता, महामंत्री दया ठाकुर, पं.तरुण वशिष्ट, विकास केसरवानी, नीरज शर्मा, धर्मेंद्र, सतीश शर्मा सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।


