पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए सबका योगदान जरूरी-स्वामी अवधेशानन्द गिरी

Haridwar News
Spread the love

कमल खड़का

हरिद्वार, 5 जून। विश्व पर्यावरण के दिवस पर कनखल स्थित श्री हरिहर आश्रम में जूना अखाड़े के आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरी महाराज के संयोजन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आश्रम की बगिया में तुलसी के पौधों का रोपण कर पर्यावरण का संकल्प लिया। स्वामी अवधेशानन्द गिरी महाराज ने रोपे गए तुलसी के पौधे का नामकरण कल्याणी करते हुए कहा कि पर्यावरण के बिना मानव का अस्तित्व असंभव है। पर्यावरण सुधारने और इसे बिगाड़ने के लिए मानव जिम्मेदार है।

पर्यावरण के प्रति बढ़ते खतरों को रोकने और इसे सुरक्षित करने के लिए लोगों में जागरूकता पैदा करना बेहद जरूरी है। ऐसे में हमें पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए अपना योगदान देना चाहिए। कोरोना संकट के दौरान प्रकृति का नया रूप सामने आया है, जो बताता है कि यह दुनिया बहुत खूबसूरत है और इसे पर्यावरण को बेहतर बनाकर और सुंदर बनाया जा सकता है। वरिष्ठ भाजपा नेत्री अन्नू कक्कड़ ने कहा कि कोरोना काल में लाॅकडाउन के दौरान इंसानी गतिविधियां कम होने पर पर्यावरण का बेहद सुन्दर स्वरूप देखने को मिला। गंगा सहित तमाम नदियों का जल पहले की तुलना में ज्यादा स्वच्छ हो गया। कोरोना काल से पहले और कोरोना के खत्म होने के बाद एक बार फिर पर्यावरण ही दुनिया की सबसे बड़ी समस्या होगी।

कोरोना के मुकाबले खराब पर्यावरण आज भी हर दिन ज्यादा जिंदगियां लील रहा है। इस समस्या से निपटने के लिए हम सबको पर्यावरण का प्रहरी बनना होगा। नरेश शर्मा ने कहा कि अपने आसपास के वातावरण को शुद्ध रखने का सबसे अच्छा माध्यम पौधारोपण है। प्रत्येक नागरिक को एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। प्रकृति का अंधाधुंध दोहन होने के कारण पर्यावरण असंतुलित हो रहा है। पर्यावरण में संतुलन स्थापित करने के लिए सबको पौधारोपण अवश्य करना चाहिए। लेकिन केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है। बल्कि पौधों का संरक्षण भी किया जाना चाहिए। पौधारोपण करने वालों में भाजपा कनखल मण्डल अध्यक्ष मयंक गुप्ता, महामंत्री पुष्पराज भी शामिल रहे। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *