कच्ची शराब समेत आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
हरिद्वार, 5 मई। निर्माणाधीन मकान में चल रहे कच्ची शराब बनाने के धंधे की सूचना पर थाना सिडकुल पुलिस ने दबिश देकर मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ कच्ची शराब और लाहन बरामद किया है। खालाटीरा गांव में निर्माणाधीन मकान में शराब की भट्टी लगाकर कच्ची शराब बनाने के संबंध में मिली गोपनीय सूचना पर पुलिस टीम ने मकान पर छापेमारी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए। जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस टीम ने मौके से 6 लीटर कच्ची शराब, 200 लीटर लाहन, एक भट्टी, कच्ची शराब बनाने के उपकरण, अलग-अलग साइज के लोहे व प्लास्टिक के ड्रम, प्लास्टिक कैन आदि बरामद किए हैं। बरामद लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपी विकास पुत्र सुरेंद्र निवासी घास मंडी ज्वालापुर हाल निवासी ग्राम खालाटीरा ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से अपने रिश्तेदारों के साथ कच्ची शराब बनाकर आसपास के गांव में बेचने का काम कर रहा था। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकद्मा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विकास रावत, एडिशनल उपनिरीक्षक हरिश्चंद्र शाह, कांस्टेबल अजय डोबाल, तनवीर अली व नरेंद्र चौहान चौहान शामिल रहे।


