तनवीर
हरिद्वार, 22 अप्रैल। आबकारी विभाग की टीम ने दीनदयाल पार्किंग क्षेत्र में छापेमारी कर एक झोंपड़ी से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। जानकारी के अनुसार आबकारी इंस्पेक्टर दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने भूरा नाम के व्यक्ति की झोंपड़ी में छापेमारी के दौरान मौके से माल्टा ब्रांड देशी शराब के 225 टैट्रा पैक और अंग्रेजी शराब रॉयल स्टैग के 15 पव्वे बरामद किए है। बरामद की गयी शराब अवैध रूप से बिक्री के उद्देश्य से रखी गई थी। टीम ने मौके पर ही शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
गौरतलब है एक दिन पहले मंगलवार को नगर निगम टीम ने रोडीबेलवाला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान संदूक से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की थी। उसके बाद आबकारी विभाग की टीम हरकत में आई और रात में छापेमारी कर अवैध शराब बरामद की गयी। आबकारी इंस्पेक्टर दर्शन सिंह चौहान ने बताया कि शहर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। दीन दयाल पार्किंग में शराब बेचने वाले तस्कर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


