साधु की हत्या के आरोपी नेपाली युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 22 अप्रैल। साधु की हत्या के आरोपी नेपाली युवक को नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रात में सोने को लेकर हुए विवाद में साधु द्वारा मारपीट से गुस्साए युवक ने डंडे और पत्थर से वार कर हत्या कर दी थी। मृतक साधु की शिनाख्त नहीं हो पायी है। पुलिस ने स्वयं वादी बनकर हत्या का मुकद्मा दर्ज कराया था। मंगलवार को दीनदयाल पार्किंग के अंडरपास के ऊपर हाईवे के बीच पीपल के पेड़ के नीचे रहने वाले साधु के बुरी तरह घायल पड़ा होने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे लेकर अस्पताल पहुंची। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस की शुरूआती जांच में एक नेपाली युवक द्वारा साधु की हत्या किए जाने की बात सामने आयी।

एसएसपी के निर्देश पर हत्या का मुकद्मा दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए मृतक की शिनाख्त के प्रयास और आरोपी की तलाश शुरू करते हुए मुखबिर की सूचना पर गंगा सभा की अस्थाई पार्किंग से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक थापा पुत्र रामबहादुर थापा निवासी-ग्राम पुरकोट तमगास अंचल लुम्बिनी नेपाल बताया। उसने बताया कि वह कुछ दिन पहले चण्डीगढ से हरिद्वार आया था और रहने का कोई ठिकाना न होने पर पार्किंग में ही सो रहा था। कुछ दिन पहले सोने को लेकर हुए विवाद में साधु ने उसके साथ मारपीट कर दी थी।

जिसमें चोट लगने पर वह बदला लेने की सोचने लगा। बीती रात वह कनखल में एक शादी में काम करने के लिये गया था। जहां नशा करने के बाद वह सोने के लिये पुल के नीचे सडक पर आया तो साधु ने फिर से गाली-गलौच शुरु कर दी। गुस्से में उसने पहले बांस के डण्डे से और फिर जब डंडा टूट गया तो पास पडे एक पत्थर उसके मुंह पर मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, एसएसआई गोपाल दत्त भट्ट, एसआई नवीन नेगी, हेडकांस्टेबल सतीश नोटियाल, सतेंद्र कुमार व अजीत तोमर शामिल रहे।