शिक्षा ही सामाजिक समानता, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला-आरएल व्यास
हरिद्वार, 2 अक्टूबर। बी.एच.ई.एल. अनुसूचित जाति इंप्लाईज वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में संचालित डा.भीमराव अंबेडकर शिक्षा सहभागिता कार्यक्रम का 13वां स्थापना दिवस सेक्टर-1 स्थित अंबेडकर भवन में उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान की प्रस्तावना पढ़कर किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मुकेश कुमार ने किया। कुलदीप सिंह की टीम ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। डा.भीमराव अंबेडकर शिक्षा सहभागिता कार्यक्रम के संरक्षक आर.एल. व्यास ने शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों, छात्रों के शैक्षणिक विकास तथा समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने शिक्षा को सामाजिक समानता, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताते हुए कहा कि शिक्षा अभियान समाज के सभी वर्गों के निर्धन एवं जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को बिना किसी जातिगत भेदभाव के शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने की भावना के साथ पिछले 13 वर्षो से निरंतर आगे बढ़ रहा है। एसोसिएशन के महासचिव रविंद्र कुमार ने कहा कि बाबा साहब डा.भीमराव अंबेडकर का सपना था कि समाज का प्रत्येक बच्चा शिक्षित होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बने और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा सहभागिता कार्यक्रम केवल एक शैक्षणिक पहल नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी, प्रतिबद्धता और भविष्य की पीढ़ी को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने समाज के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने तथा अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा सहभागिता केंद्रों पर अध्ययनरत विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक सहभागिता एवं प्रोत्साहन के उद्देश्य से मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दे रहे अध्यापकों एवं ड्यूटी ऑफिसरों को संगठन की ओर से पेन भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद कुमार, कोषाध्यक्ष अजय कुमार, अंबेडकर भवन सचिव नितेश डाबरे, मुख्य प्रभारी रविकांत बंधु, संयुक्त प्रभारी शिवकुमार, सह प्रभारी योगेंद्र सिंह, मोकम सिंह, रूपचंद आजाद, करणपाल, धीर सिंह, आदेश पालीवाल, सोमपाल, राजपाल, कमल सिंह, प्रमोद अदालती, राजेश कुमार, सी.पी.सिंह, भगवान दास, मलखान सिंह, सोनू, रंधावा, मेघराज, संदीप सहित संगठन के पदाधिकारी, सदस्य, छात्र-छात्राएं अभिभावक एवं शिक्षा सहभागिता कार्यक्रम से जुड़े शिक्षक एवं सहयोगी भी मौजूद रहे।


