विडियो:-कूड़ा नही उठाने पर नगर निगम ने दो सफाई फर्मो पर लगाया 25 हजार जुर्माना

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 10 दिसम्बर। कूडा नहीं उठाने पर नगर निगम ने दो सफाई फर्मो पर 25 हजार रूपए का जुर्माना लगाया है। शहर की सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारी अभियान का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

निगरानी और दंडात्मक कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए निगम प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए नगर निगम के सभी 36 सुपरवाइज़रों को चालान करने का अधिकृत अधिकार प्रदान किया है। उन्हें उत्तराखंड एंटी लिटरिंग एवं एंटी स्पिटिंग एक्ट, 2016 के अंतर्गत प्रतिदिन चालान जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार को नगर निगम अधिकारियों ने कई वार्डों में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुबंधित सफाई फर्मों द्वारा कुछ वार्डों में निर्धारित समय पर कूड़ा नहीं उठाए जाने में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने दोनों फर्मों पर 25,000 रूपए का चालान किया।
नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक एजेंसी और कर्मचारी की कार्यप्रणाली पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नगर निगम ने आम नागरिकों से भी कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालने, सफाई कर्मियों का सहयोग करनंे और गंदगी फैलाने से बचने की अपील की है।