हरिद्वार, 15 सितम्बर। उत्तराखंड पत्रकार यूनियन का विलय उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन में हो गया। कनखल स्थित मानव कल्याण आश्रम में विलय की घोषणा के दौरान श्रमजीवी यूनियन के जिला अध्यक्ष संजय आर्य और जिला महासचिव अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि पत्रकार हितों के संरक्षण और जन सरोकार की पत्रकारिता के लिए उत्तराखंड पत्रकार यूनियन का पत्रकारों की सबसे बड़ी यूनियन उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन में विधिवत विलय कर दिया गया है। यह विलय पत्रकारों की आवाज को हिमालय जैसी मजबूती देगा।
इस अवसर पर उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन और उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के साथियों ने एक दूसरे का स्वागत किया। श्रमजीवी यूनियन के कार्यकारी प्रांतीय अध्यक्ष अविक्षित रमन, वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष डा.रजनीकांत शुक्ल, वरिष्ठ सदस्य अनिरुद्ध भाटी, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष संजय रावल, प्रेस क्लब के पूर्व महामंत्री महेश पारिक, गोस्वामी गगनदीप और संजय संतोषी ने नए साथियों का स्वागत किया और पत्रकारों के हक व सम्मान की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ने का संकल्प दोहराया। उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के जिला अध्यक्ष प्रमोद गिरी ने विलय की घोषणा करते हुए कहा कि हमें गर्व है कि हम पत्रकारों के हितों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर संघर्षरत सबसे बड़ी यूनियन का हिस्सा बने हैं।
अब कलम के सिपाहियों की ताकत दोगुनी हो चुकी है। महामंत्री महावीर सिंह नेगी ने कहा कि गहन विचार-विमर्श के बाद यह ठोस कदम उठाया गया है। पत्रकारिता के सामने खड़ी हर चुनौती का एकजुट होकर सामना करेंगे। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार मुदित अग्रवाल, अश्विनी अरोड़ा, रविंद्र सिंह, डा.पंकज कौशिक, रामेश्वरदयाल शर्मा, रूपेश वालिया, मनीष कुमार, आवेश अंसारी, दीपक मौर्या, रितेश तिवारी, सुरभि गुप्ता, चंद्रशेखर गोस्वामी, विशाल गोस्वामी, प्रवीण पेगवाल और कुलदीप उर्फ काका ने भी अपने विचार रखे और इस एकता को मील का पत्थर बताया। विनय शर्मा, संकेत वालिया, वासुदेव और मनीषा सूरी ने भी विलय का स्वागत किया।


