उत्तरकाशी को हराकर हरिद्वार की टीम पहुंची क्वाटर फाईनल में

Sports
Spread the love

अमरीश


हरिद्वार, 6 अक्तूबर। क्रिकेट एसोसिएशन आफ उत्तराखण्ड द्वारा देहरादून स्थित तनुष क्रिकेट एकेडमी व जीएसआर क्रिकेट एकेडमी के ग्राउंड पर आयोजित गढ़वाल जोन अंडर 25 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग में उत्तरकाशी व हरिद्वार की टीमों के बीच खेले गए मैच में हरिद्वार की टीम उत्तरकाशी को पांच विकेट से हराकर क्वाटर फाईनल में पहुंच गयी। मैच में पहले खेलते हुए उत्तरकाशी की टीम ने 28.4 ओवर में 99 रन बनाए।

जिसमें प्रशांत ने 34, विशाल पंवार ने 18 रन का उल्लेखनीय योगदान किया। हरिद्वार की तरफ से गेंदबाजी में अमनदीप सिंह ने 6 और अर्जुन व मनीष ने एक-एक विकेट लिया। जीत के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरिद्वार की टीम ने 19 ओवर में पांच विकेट खोकर मैच जीत लिया। हरिद्वार की और से लवलीत ने 31, मनीष ने 17 रन बनाए। जबकि सोहित तोमर व रोहित ने 21 व 14 रन की नाबाद पारी खेली। उत्तरकाशी की ओर से गेंदबाजी में कपिल चौहान व प्रशांत चौहान ने दो-दो तथा गौरव नेगी ने एक विकेट लिया।

क्रिकेट एसोसिएशन आफ हरिद्वार के अध्यक्ष नीरज कुमार व सचिव इंद्रमोहन बड़थ्वाल ने टीम को बधाई देते हुए बताया कि ग्रुप बी में जिला हरिद्वार की टीम ने दो मैच जीतकर क्वाटर फाईनल में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। क्वाटर फाईनल में टीम का मुकाबला नैनीताल की टीम से होगा।