आरएसएस की चाणक्य शाखा के स्वयंसेवकों ने किया परिवार मिलन समारोह का आयोजनन

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 30 सितम्बर। आर्यनगर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की चाणक्य शाखा के स्वयंसेवकों द्वारा परिवार मिलन समारोह का आयोजन किया गया। ज्वालापुर स्थित एक बेंकट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, मातृशक्ति, बच्चों एवं परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में शामिल हुए अतिथियों एवं परिवारजनों का स्वयंसेवकों द्वारा पटका पहनाकर एवं तिलक लगाकर स्वागत किया गया।

स्वयंसेवकों द्वारा निज गौरव को, निज वैभव को, क्यों हिंदू बहादुर भूल गए गीत और वीरांगना पन्नाधाय के त्याग और बलिदान पर आधारित लघु नाटिका सहित राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति, त्याग एवं संस्कारों पर आधारित विभिन्न प्रेरणादायी प्रस्तुतियां दी गयी। पन्नाधाय की भूमिका में रेनू ने अपने सशक्त अभिनय से मातृत्व, त्याग और राष्ट्रधर्म की भावना को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में पूर्व जिला संघचालक रोहिताश कुंवर चौहान की प्रस्तुति ने भी उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर जिला संघचालक डा.नागयान ने कहा कि परिवार ही संस्कारों की प्रथम पाठशाला है। उन्होंने परिवारों में आपसी संवाद, आत्मीयता एवं भारतीय परंपराओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। विभाग प्रचारक राकेश ने राष्ट्रभाव, सामाजिक समरसता एवं परिवार की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा चलाए जा रहे कुटुंब प्रबोधन अभियान के महत्व को बताते हुए कहा कि संस्कारित एवं सुदृढ़ परिवार ही सशक्त समाज और राष्ट्र की आधारशिला है। मुख्य अतिथि समाजसेवी सतीश त्यागी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यों की प्रशंसा करते हुए परिवार एवं समाज में संस्कारों के प्रसार को समय की आवश्यकता बताया।

नगर संघचालक अधिवक्ता ज्ञानेश्वर ठकराल ने सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों एवं परिवारजनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला व्यवस्था प्रमुख मुनेश चौहान, नगर प्रचारक तनुज, उमेश मिश्रा, नगर कार्यवाह डा.अनुराग, अमरेश, राजेंद्र रुहेला, ब्रह्मपाल, देवी प्रसाद, धनवीर, वेदपाल, सतीश गोला, सतीश चौहान, सतीश गुप्ता, डा.आलोक, डा.अश्वनी, कुंवर पाल, अधिवक्ता कुशल पाल, हरदम सिंह, दीपक, मनोज, कार्तिक, प्रमोद, बृज किशोर, ओमप्रकाश सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं परिवारजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply