व्यापारियों का उत्पीड़न सहन नहीं किया जाएगा-संजीव चौधरी

Politics
Spread the love

कमल खडका

हरिद्वार, 26 जुलाई। प्रदेश व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने प्रैसवार्ता में शनिवार को लाॅकडान में शिवालिकनगर नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा चलाए गए अतिक्रमण अभियान पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि एक नेता के इशारे पर शिवालिक नगर के व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। सोची समझी नीयत के तहत व्यापारियों के होर्डिंग, साईनबोर्ड हटवाए गए। शिवालिक नगर व्यापार मण्डल के अध्यक्ष विभाष सिन्हा के साथ कर्मचारियों द्वारा बदसलूकी भी की गयी।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कर्मचारियों द्वारा व्यापारियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश भी की गयी। व्यापारियों द्वारा पुलिस को कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गयी। संजीव चौधरी ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष शासनादेश का पालन नहीं कर रहे हैं। सफाई, गृहकर व अन्य टैक्स लगाकर व्यापारियों का उत्पीड़न करने का काम किया जा रहा है। संजीव चौधरी ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी यदि अपना रवैया नहीं बदलते हैं तो व्यापारी उग्र आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेंगे। व्यापारियों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं।

व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद कर बंद के आह्वान से भी पीछे नहीं हटने वाले। शिवालिक नगर व्यापार मण्डल के अध्यक्ष विभाष सिन्हा ने कहा कि बंद के दौरान बिना नोटिस दिए ही व्यापारियों की दुकानेां के समक्ष खड़े होर्डिंग, साईनबोर्ड हटाने का यह प्रयास निंदनीय है। व्यापारियों की दुकानों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से अतिक्रमण अभियान चलाया गया। शिवालिकनगर नगर पालिका अध्यक्ष व्यापारियों की एकता को खण्डित करने का प्रयास कर रहे हैं। दबाव बनाकर व्यापारियों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

अध्यक्ष की हठधर्मिता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्मचारियों द्वारा की गयी बदसलूकी का जवाब व्यापारियों को देना आता है। जिला अध्यक्ष शिवकुमार कश्यप ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न सहन नहीं किया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष अपने व्यवहार में बदलाव लाएं। वरना उनके खिलाफ चरणबद्ध तरीके से आंदोलन चलाया जाएगा। इस अवसर पर मुकेश भार्गव, मनोज सिंघल, सुरेश भाटिया, ऋषभ शर्मा, अमितोष आदि व्यापारी भी मौजूद रहे। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *