व्यापारियों ने की बिजली कटौती बंद करने की मांग

Haridwar News
Spread the love

अमरीश
हरिद्वार, 7 अगस्त। शिवालिक नगर में लगातार चल रही बिजली की कटौती से व्यापारियों को हो रही लगातार दिक्कतों के चलते शिवालिक नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष धर्मेंद्र बिशनोई के नेतृत्व में शिवालिक नगर के व्यापारी अधीक्षण अभियन्ता अरविन्द कुमार से मिले तथा बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की। धर्मेन्द्र विश्नोई ने कहा कि लगातार हो रही बिजली कटौती के चलते व्यापारियों का व्यापार चौपट हो रहा है। पहले से ही व्यापारी मंदी मार झेल रहे हैं।

लगातार कई दिनों से अघोषित कटौती होने के कारण व्यापारी अपना रोजगार नहीं कर पा रहे हैं। बिजली की आंख मिचौली के चलते व्यापारी आर्थिक मानसिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। धर्मेन्द्र विश्नोई ने कहा कि बार बार बिजली के कट लगने के कारण बिजली के उपकरण खराब होने की संभावनाएं भी बनी रहती हैं। लो वोल्टेज की समस्या भी बनी हुई है। बिजली के भारी भरकम बिलों के भुगतान के साथ जनरेटर चलाने का अतिरिक्त खर्च भी व्यापारियों को उठाना पड़ रहा है।

धर्मेन्द्र विश्नोई ने बताया कि अधीक्षण अभियंता अरविंद कुमार ने समस्या जल्द दूर करने व विद्युत व्यवस्था सुचारू करने का व्यापारियों को आश्वासन दिया है। इस दौरान व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष विकास बाली, सत्यशील वत्स, संदीप शुक्ला, अनुराग आदि व्यापारी गण मौजूद रहे।