हरिद्वार, 17 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग द्वारा देवपुरा चौक से चंद्राचार्य चौक तक रन फॉर योगा का आयोजन किया गया। जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, चिकित्सकों, योग प्रशिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर योग एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
रन फॉर योगा का शुभारम्भ आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, उत्तराखण्ड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.अरुण कुमार त्रिपाठी, ऋषिकुल परिसर निदेशक प्रो.अनूप गक्कड़ तथा आचार्य योगी रजनीश ने हरी झंडी दिखाकर किया। आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग आज वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान बन चुका है और करोड़ों लोग इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि रन फॉर योगा जैसे आयोजन युवाओं और समाज के सभी वर्गों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि योग केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की पद्धति है।
इस अवसर पर प्रो.संजय त्रिपाठी, प्रो.संजय सिंह, प्रो.सुरेश चौबे, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा.स्वास्तिक सुरेश तथा अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा.अतुल सिंह नेगी, ऋषिकुल राजकीय आयुर्वैदिक फार्मेसी के अधीक्षक डा.अशोक तिवारी, प्रबंधक डा.दीपिका वर्मा, डा.विकास जैन, नवीन थपलियाल सहित विभिन्न राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी, योग अनुदेशक, पंचकर्म सहायक तथा छात्र-छात्राएं शामिल रहे।


