गौरव रसिक
हरिद्वार, 17 जनवरी। उपनगरी ज्वालापुर के वार्ड नं.36 तेलियान के निवासी नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। प्रैस को जारी बयान में मध्य हरिद्वार मण्डल मंत्री गुलफाम पीरजी ने कहा कि वार्ड में सफाई व्यवस्था नहीं है। नालियां, नाले कूड़े से अटे पड़े हैं। सीवर उफन रहे हैं। पार्षद जनसमस्याओं का निराकरण करने में कोई रूचि नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों की स्ट्रीट लाईटें भी खराब हैं। सड़कों पर कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। मेयर अनीता शर्मा भी वार्ड वासियों की समस्या का कोई समाधान नहीं कर पा रही है।
वार्ड में अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती भी नहीं की जा रही है। नियमित रूप से होने वाली सफाई व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित है। लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। कई बार क्षेत्र के लोग समस्या को लेकर गुहार लगा चुके हैं। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहता है। बकरा मार्केट मार्ग पर कई वर्षो से सीवर व नालियों का गंदा पानी बहने का क्रम जारी है। मार्केट से निकल रहे नाले में कूड़ा अटा पड़ा है।
लोगों का घरों में रहना भी निकलना भी मुश्किल हो गया है। मेयर अनिता शर्मा व वार्ड पार्षद समस्याओं का संज्ञान नहीं ले रहे हैं। जल्द ही समस्याओं को लेकर शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक से गुहार लगायी जाएगी। नाराजगी जताने वालों में रियासत गौड, शमीर मंसरी, आशु मलिक, शकील मंसूरी आदि भी शामिल रहे।