भाजपा मध्य हरिद्वार मंडल को मिला पांच हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य

Haridwar News
Spread the love

तनवीर
ऐतिहासिक होगी गृहमंत्री अमित शाह की रैली-मदन कौशिक
हरिद्वार, 5 मार्च। प्रदेश की भाजपा सरकार के 4 साल पूरे होने पर सात मार्च को आयोजित की जा रही रैली शामिल होने आ रहे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के स्वागत के लिए भाजपा मध्य हरिद्वार मंडल को पांच हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए नगर विधायक मदन कौशिक ने कहा कि रैली ऐतिहासिक होगी। यह केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि हरिद्वार की संगठनात्मक ताकत कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता और जन समर्थन के बड़े प्रदर्शन का अवसर भी है।

उन्होंने कहा कि जब देश के गृहमंत्री स्वयं देवभूमि हरिद्वार आ रहे हैं तो यह प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गर्व जिम्मेदारी दोनों का विषय है। इस रैली के माध्यम से राष्ट्र की सुरक्षा विकास और मजबूत नेतृत्व का संदेश आम जनता तक पहुंचे इसीलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। मदन कौशिक ने स्पष्ट कहा कि हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र के मध्य हरिद्वार मंडल में कार्यकर्ताओं को इस जनसभा के लिए 5000 लोगों की सहभागिता का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य सुनने में बड़ा जरूर लग सकता है। लेकिन हरिद्वार के कार्यकर्ताओं की मेहनत अनुशासन और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए यह पूरी तरह संभव है।

इसी उद्देश्य से अन्य तीन मंडल में भी बैठक आयोजित की गई है। किरण जैसल ने कहा कि रैली की तैयारी केवल मंच और भीड़ तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसका उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अपने-अपने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज करें घर-घर जाकर लोगों को रैली के महत्व के बारे में बताएं और अधिक से अधिक नागरिकों को बैरागी कैंप पहुंचने के लिए प्रेरित करें। भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी और रैली के मंडल प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि हरिद्वार धार्मिक सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चेतना का केंद्र रहा है।

ऐसे में यहां से उठने वाली आवाज का प्रभाव पूरे देश में जाता है। इस जनसभा के माध्यम से हरिद्वार एक बार फिर यह संदेश देगा कि वह राष्ट्र के मुद्दों पर पूरी मजबूती से केंद्र सरकार के साथ खड़ा है। बैठक को भाजपा मंडल अध्यक्ष तुषांक भट्ट ने भी संबोधित किया। बैठक में मंडल महामंत्री गौरव वर्मा, हर्षित त्रिपाठी, मंजू रावत, ललित रावत, सिद्धार्थ कौशिक, सचिन बेनीवाल, राजेश शर्मा, ममता नेगी, पिंकी चौधरी, सपना शर्मा, आशी भारद्वाज, सुनील सैनी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *