आंगनवाड़ी केंद्र में किया स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 5 मई। विश्व हाथ स्वच्छता दिवस के अवसर पर रजत शहरी एवं ग्रामोथान संस्थान द्वारा बहादराबाद ब्लॉक के हजाराग्रांट स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं माताओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही हाथ धोने की सही विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन कर बताया गया कि नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने से कई संक्रामक बीमारियों से बचाव संभव है। सभी बच्चों को स्वच्छता किट जिसमें टूथपेस्ट, टूथब्रश, साबुन, नेल कटर, तेल आदि दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है, वितरित की गयी।

कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से स्वच्छता के महत्व एवं उसके व्यवहारिक उपयोग पर प्रस्तुति दी गई। इस दौरान डा.बेबी यादव ने बच्चों एवं माताओं को स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। ग्राम प्रधान ममतेश ने रजत शहरी एवं ग्रामोथान संस्थान तथा पेनासॉनिक लाईफ सोल्यूशन इंडिया प्रा.लि.का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजन किए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से माताओं एवं बच्चों को स्वस्थ रहने के तरीकों की जानकारी मिलती है, जिससे समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और सभी लोग स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित होते हैं। इस अवसर पर रीता चौधरी, संगीता देवी एवं संगीता आदि आंगनवाड़ी कार्यकृत्रियां एवं गांव की महिलाएं मौजूद रही।

Leave a Reply