लक्सर: डॉक्टर पर फायरिंग का मास्टरमाइंड ‘सत्संगी बाबा’ गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

Crime
Spread the love

तनवीर

हरिद्वार, 5 मई । लक्सर पुलिस ने कार सवार डॉक्टर और उसके साथियों पर फायरिंग करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को दबोच लिया है। आरोपी कोई और नहीं, बल्कि सुखपाल एन्क्लेव आश्रम में रहने वाला सत्संगी बाबा मंगत दास उर्फ सागर है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या के प्रयास में प्रयुक्त .32 बोर पिस्टल भी बरामद की है।

साले से रंजिश, जीजा को बनाया निशाना
पूछताछ में खुलासा हुआ कि बाबा मंगत दास की बहन का रिश्ता डॉक्टर सुमित कुमार के साले सुमित से तय हुआ था, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया गया। इसी रंजिश में बाबा ने सुमित को मारने का प्लान बनाया। गुस्से में उसने जीजा डॉक्टर सुमित की कार को ही निशाना बना दिया।

14 अप्रैल को पहली बार, 27 को दूसरी बार फायरिंग
डॉक्टर सुमित कुमार निवासी दाबकी कलां ने 27 अप्रैल को तहरीर दी थी कि वह हंस फाउंडेशन हॉस्पिटल बहादराबाद से भिक्क्मपुर लौट रहे थे। बाडीटीप के पास बाइक सवार दो युवकों ने कार पर फायरिंग कर दी। इससे पहले 14 अप्रैल को भी दाबकी गांव के पास उनकी कार पर फायरिंग हुई थी। कार का टायर पंक्चर होने पर उसमें बुलेट फंसी मिली थी।

भक्त को साथ लेकर की वारदात
कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। एक आरोपी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। सोमवार 5 मई को मुख्य साजिशकर्ता बाबा मंगत दास उर्फ सागर, 23 वर्ष, निवासी कंडीला शेखूपुरा, शामली यूपी को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में बाबा ने कबूला कि 27 अप्रैल को उसने ही अपने भक्त शुभम सैनी के साथ बाइक पर जाकर पिस्टल से 4 फायर किए थे। शुभम सैनी लक्सर स्थित आश्रम में ही रहता है। बाबा ने बताया कि डॉक्टर से कोई झगड़ा नहीं था, निशाने पर साले सुमित था।

पुलिस टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोशियारी, SI यशवीर नेगी, HC पंचम प्रकाश, का0 गंगा और का0 रियाज शामिल रहे। आरोपी के खिलाफ धारा 109 BNS के तहत कार्रवाई कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply